पिक अप- आयशर की भिड़ंत में एक की मौत दो घायल
अकोला- आपातापा घुसर मार्ग पर सुबह के समय पिक अप व आयशर वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में पिक वाहन बुरी तरह से चकनाचूर हो गया। इस भीषण हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस थाने का दल मौका ए वारदात पर पहुंचा।
इन दिनों राजमार्ग का निर्माण कार्य चलने के कारण नागरिक पर्यायी मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिससे ठीक ढंग से बने मार्गों पर वाहनों की भीड़ काफी बढ़ गई है इसके अलावा दुर्घटनाओं का भी प्रमाण बढ़ता जा रहा है। ऐसा ही एक हादसा शनिवार की सुबह आपातापा घुसर मार्ग पर घटित हुआ। इस हादसे में एक मजदूर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिक अप वाहन क्रमांक एमएच 30 बीडी 3155 मजदूरों को लेकर दर्यापुर की ओर जा रहा था वहीं विपरीत दिशा से लहसुन लेकर आ रहे आयशर ट्रक क्रमांक एम एच 28 बीबी 3495 से जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में चोहट्टा बाजार निवासी पवन उर्फ पवन बाबूराव खेडकर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि सतीष मस, आलोक कंकाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन पुलिस थाने का दल मौका ए वारदात पर पहुंचा। पुलिस ने पहले घायलों को अस्पताल रवाना कर पंचानामा किया। सिविल लाइन पुलिस थाना निरीक्षक भानुप्रताप मडावी के मार्गदर्शन में दल घटना की जांच कर रहा है।
0 Comments