Header Ads Widget

Akola Marwadi Ganesh Festival News:अकोला में श्री मारवाड़ी प्रेस गणेशोत्सव मंडल का 90वां वर्ष, धार्मिक-सामाजिक उपक्रमों की रहेगी भव्य श्रृंखला

Akola Marwadi Ganesh Festival News:अकोला में श्री मारवाड़ी प्रेस गणेशोत्सव मंडल का 90वां वर्ष, धार्मिक-सामाजिक उपक्रमों की रहेगी भव्य श्रृंखला
14 से 25 सितंबर तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन; भव्य झांकियों के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, रक्तदान शिविर, अन्नदान और मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर भी

अकोला। शहर के ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित श्री मारवाड़ी प्रेस गणेशोत्सव मंडल द्वारा इस वर्ष गणेशोत्सव का 90वां वर्ष धार्मिक एवं सामाजिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मंडल की ओर से प्रतिवर्ष निभाई जाने वाली परंपरा को कायम रखते हुए इस बार भी गणेशोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया है।

मंडल की ओर से इस वर्ष सिद्धिविनायक गणेशजी की रिद्धि-सिद्धि तथा शुभ-लाभ सहित भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। गणेशोत्सव मंडप में प्राकृतिक एवं आकर्षक वातावरण के बीच विभिन्न भव्य एवं दिव्य झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इनमें श्री अष्टविनायक दर्शन, आदियोगी, श्री गणेश उत्पत्ति, श्री महालक्ष्मी दर्शन, बाल गणेश-पार्वती दर्शन, श्री सांवरिया सेठजी दर्शन तथा श्री नीम करौली बाबा दर्शन प्रमुख हैं।

मंडल के अनुसार प्रतिदिन सुबह 8 बजे गणेशजी की आरती होगी, जबकि शाम 5 बजे रागिनी संगीत विद्यालय के संचालक श्री सतीशजी खोडदे द्वारा संगीतमय महाआरती का आयोजन किया जाएगा। मंडप की भव्य सजावट एवं विद्युत रोशनी भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।

14 सितंबर से शुरू होंगे प्रमुख कार्यक्रम

सोमवार, 14 सितंबर को शाम 5 बजे श्री गणेश आगमन शोभायात्रा श्रीराम मंदिर से गांधी रोड होते हुए मारवाड़ी प्रेस तक निकाली जाएगी। शाम 7 बजे गणेशजी की स्थापना होगी।

इसी दिन मंडल की ओर से अन्नदान की शुरुआत की जाएगी। गणेशोत्सव के दौरान प्रतिदिन मंडप सजावट कलाकारों का सत्कार भी किया जाएगा। इसके साथ ही जिला स्त्री रुग्णालय (लेडी हार्डिंग) में सुबह 11.30 बजे भोजन वितरण किया जाएगा। मंडल ने बताया कि यह सेवा गणेशोत्सव के पूरे 10 दिनों के दौरान तथा प्रत्येक सोमवार को वर्षभर जारी रहेगी।

15 सितंबर को सुबह मारवाड़ी प्रेस एवं सावतराम चाल परिसर में साफ-सफाई अभियान आयोजित किया जाएगा।
16 सितंबर को शाम 4 बजे श्री गीता पारायण होगा।
17 सितंबर को सुबह 9.30 बजे श्री गणपति अथर्वशीर्ष पाठ आयोजित किया जाएगा।
18 सितंबर को सुबह 9 बजे म्हैसपुर स्थित आदर्श गोसेवा संस्थान में गोसेवा की जाएगी।

निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन और स्वास्थ्य जांच शिविर

19 सितंबर को सुबह 9 बजे भव्य निःशुल्क मोतियाबिंद शस्त्रक्रिया शिविर आयोजित होगा। यह उपक्रम श्री मारवाड़ी प्रेस गणेशोत्सव मंडल ट्रस्ट एवं श्री राधाकिसनजी तोष्णीवाल पब्लिक ट्रस्ट के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। शिविर में दम्माणी नेत्र अस्पताल का विशेष सहयोग रहेगा।

20 सितंबर को सुबह 9 बजे भव्य रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जो स्वर्गीय डॉ. निखुंज अनुपजी कोठारी की स्मृति में होगा। इसमें डॉ. हेडगेवार रक्तपेढ़ी एवं साईजीवन ब्लड बैंक का सहयोग रहेगा।

इसी दिन सुबह 9 बजे निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित होगा। इसमें अकोला के प्रतिष्ठित डॉक्टरों द्वारा मधुमेह, कोलेस्ट्रॉल, थायरॉइड, हड्डियों एवं नसों की कमजोरी, विटामिन-डी, विटामिन-बी12, हीमोग्लोबिन, यूरिक एसिड एवं कैल्शियम आदि की जांच की जाएगी।

धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी

21 सितंबर को शाम 4 बजे श्री रामरक्षा स्तोत्र पाठ होगा।
22 सितंबर को सुबह 9 बजे श्री सुंदरकांड पाठ तथा शाम 8 बजे मंडल सदस्यों के लिए भजन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
23 सितंबर को शाम 6 बजे श्री 56 भोग दर्शन का आयोजन होगा।
24 सितंबर को शाम 4 बजे श्री सत्यनारायणजी कथा तथा शाम 7 बजे मूर्तिकार, डेकोरेटर एवं संगीत कलाकारों का सत्कार किया जाएगा।

25 सितंबर को निकलेगी विसर्जन शोभायात्रा

शुक्रवार, 25 सितंबर को गणेशजी की विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। मंडल की ओर से श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

90वें गणेशोत्सव को सफल बनाने में जुटी पूरी कार्यकारिणी

मंडल के अध्यक्ष अनिल राठी, सचिव आर्किटेक्ट पवन बं, सहसचिव संजय मंत्री, उपाध्यक्ष मनोज लड्डा एवं उदय शाह, कोषाध्यक्ष संतोष राठी तथा अंकलेखक प्रमोद मालपानी सहित सलाहकार समिति, कार्यकारिणी सदस्य एवं मंडल के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता गणेशोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

नागरिकों से विशेष अपील

श्री मारवाड़ी प्रेस गणेशोत्सव मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अकोला शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे 90वें भव्य गणेशोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्री सिद्धिविनायक गणेशजी के दर्शन करें तथा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक सेवा उपक्रमों का लाभ लेते हुए मंडल को अपना सहयोग प्रदान करें।

Post a Comment

0 Comments

close