Header Ads Widget

Akola traffic police:गणेशोत्सव को लेकर यातायात पुलिस अलर्ट, रेलवे ओवरब्रिज पर नाकाबंदी..ट्रैफिक जाम रोकने के साथ चोरी के वाहनों पर भी कार्रवाई; महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष नजर

Akola traffic police:गणेशोत्सव को लेकर यातायात पुलिस अलर्ट, रेलवे ओवरब्रिज पर नाकाबंदी..ट्रैफिक जाम रोकने के साथ चोरी के वाहनों पर भी कार्रवाई; महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष नजर
अकोला। आगामी गणेशोत्सव एवं त्योहारी सीजन को देखते हुए अकोला यातायात पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर आवश्यक उपाययोजनाएं शुरू की गई हैं। इसी क्रम में रेलवे स्थानक परिसर से होकर जाने वाले ओवरब्रिज पर विशेष निगरानी रखते हुए नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है।
रेलवे स्थानक परिसर का यह ओवरब्रिज लंबे समय से यातायात की समस्या को लेकर चर्चा में रहा है। त्योहारी दिनों में यहां वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण यातायात प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस निरीक्षक विलास पाटील के नेतृत्व में इस परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले तथा संदिग्ध एवं अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
यातायात व्यवस्था को लेकर नागरिकों में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से मार्गदर्शक फ्लेक्स भी लगाए गए हैं। वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित नियमों के अनुसार वाहन चलाने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया जा रहा है।
जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस निरीक्षक विलास पाटील ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में नागरिक भगवान गणेश के दर्शन के लिए घरों से बाहर निकलते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा भी पुलिस की प्राथमिकता है।
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी
गणेशोत्सव के दौरान महिलाओं के साथ मंगलसूत्र चोरी जैसी घटनाओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसे देखते हुए पुलिस द्वारा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। महिलाओं को बिना किसी चिंता के गणेशोत्सव में शामिल होकर दर्शन करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों की तैनाती और लगातार निगरानी की जा रही है।
विलास पाटील ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही दोपहिया वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। इसी जांच अभियान के दौरान पुलिस ने हाल ही में आज दो तथा कल पांच चोरी के दोपहिया वाहनों को जब्त करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के प्रयासों को भी गति मिली है।
यातायात पुलिस निरीक्षक विलास पाटील ने स्पष्ट किया कि गणेशोत्सव के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था बाधित न हो और नागरिक सुरक्षित वातावरण में आवागमन कर सकें, यही पुलिस का मुख्य उद्देश्य है। इसी उद्देश्य से संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही वाहनों की जांच और यातायात नियमों के पालन को लेकर कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।

Post a Comment

0 Comments

close