Akola Naigaon idgah rain news:नायगांव ईदगाह पर बारिश के लिए उठे हजारों हाथ, मुस्लिम समाज ने की विशेष दुआ
अकोला में लंबे समय से बारिश का इंतजार, नमाज-ए-जुम्मा के बाद नायगांव में मांगी गई रहमत की दुआ
अकोला। जिले में लंबे समय से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण किसान और आम नागरिक चिंता में हैं। बारिश की कमी से जहां खेती-किसानी पर संकट गहराता जा रहा है, वहीं भीषण गर्मी और उमस के बीच लोग आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं। इसी बीच बारिश की उम्मीद और अपने रब की रहमत की गुहार को लेकर शुक्रवार को नायगांव परिसर में मुस्लिम समाज की ओर से विशेष दुआ का आयोजन किया गया।
नायगांव स्थित नगीना मस्जिद, वाकापुर रोड के ईदगाह मैदान पर नमाज-ए-जुम्मा के बाद ठीक दोपहर ढाई बजे बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के नागरिक एकत्रित हुए। इस दौरान बारिश के लिए विशेष नमाज अदा की गई और सामूहिक रूप से दुआ मांगी गई। दुआ के दौरान लोगों ने अपने रब से अकोला जिले में भरपूर बारिश, किसानों की फसलों की सलामती और पूरे क्षेत्र में खुशहाली की फरियाद की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति देखने को मिली। बारिश की कमी को लेकर लोगों में चिंता साफ नजर आई। विशेष रूप से किसान वर्ग लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहा है। समय पर पर्याप्त वर्षा नहीं होने से सोयाबीन सहित विभिन्न फसलों पर संकट मंडरा रहा है।
नायगांव ईदगाह पर आयोजित इस सामूहिक दुआ के दौरान माहौल पूरी तरह भावुक और आध्यात्मिक नजर आया। बड़ी संख्या में लोगों ने हाथ उठाकर बारिश के लिए दुआ की और अकोला जिले को सूखे जैसे हालात से राहत मिलने की प्रार्थना की।
0 Comments